Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह कलेक्टोरेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान कलेक्टोरेट में चौकीदार के रूप में कार्यरत दिनेश पटेल के तौर पर हुई है। मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल (50 वर्ष), पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द स्थित आरडीए कॉलोनी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
20 लाख रूपए से अधिक का कर्ज
की चर्चा प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दिनेश पटेल पर 20 लाख रूपए से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आर्थिक दबाव के चलते वह परेशान था। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में घटना के पीछे कर्ज को वजह मानना फिलहाल जांच का विषय है।
जांच में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के मुताबिक, शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। राज्योत्सव की तैयारियों के बीच कलेक्टोरेट परिसर में हुई इस घटना से कर्मचारियों और वहां पहुंचे लोगों में शोक और चिंता का माहौल है।






