Raipur Road Accident: राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। आधी रात को रफ्तार और शराब के नशे के कॉकटेल ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में छीन लिया। नया रायपुर में एक रिश्तेदार की शादी से लौट रहे परिवार की कार को एक तेज रफ्तार स्कोडा ने इतनी भीषण टक्कर मारी कि एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
नया रायपुर से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, श्याम नगर निवासी 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन अपने परिवार के साथ नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे थे। आधी रात के आसपास जैसे ही उनकी बलेनो कार अग्रसेन धाम चौक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कोडा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की विभीषिका: बलेनो के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बलेनो चला रहे नरेंद्र सिंह भसीन ने गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार एक महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हुए आरोपी
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, स्कोडा कार चला रहे युवक शराब के नशे में धुत थे। दुर्घटना में स्कोडा सवार युवकों को भी मामूली चोटें आई हैं, लेकिन हादसे के बाद वे अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कोडा कार को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में ड्रंक एंड ड्राइव और देर रात बेलगाम दौड़ती रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







