Crime News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ इलाज के नाम पर एक महिला की अस्मत के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई। सिरदर्द और पेट दर्द की शिकायत लेकर अपनी पत्नी के साथ क्लीनिक पहुँचे एक पति को बाहर इंतजार करने को कहकर, तथाकथित 'झोलाछाप' डॉक्टर ने महिला के साथ अश्लील हरकत की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिकायत मिलने के महज 8 घंटे के भीतर ही आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
जानिए क्या है पूरा घटनाक्रम
यह पूरी घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुरा गाँव की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रदीप देवांगन (45) अपने ही घर से अवैध रूप से क्लीनिक चलाता था। पीड़िता के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह से उसे तेज सिरदर्द हो रहा था। शाम ढलते-ढलते जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हुआ, तो उसने अपने पति को इस बारे में बताया। इसके बाद पति अपनी पत्नी को इलाज के लिए उसी स्थानीय क्लीनिक में लेकर पहुँचा।
पति को बाहर बैठाया, फिर शुरू हुई घिनौनी हरकत
क्लीनिक के अंदर पहुँचने के बाद आरोपी डॉक्टर ने सोची-समझी चाल के तहत महिला के पति को पर्दे की आड़ में ठीक बाहर बैठने को कह दिया। इसके बाद उसने महिला के सिरदर्द की वजह गैस को बताया और बहाना बनाते हुए उसे पेट की जाँच के लिए टेबल पर लेटने को कहा। जाँच के नाम पर डॉक्टर ने अपनी नीयत दिखाते हुए महिला के साथ अश्लील हरकत की और उसके प्राइवेट पार्ट को छुआ। इस अचानक हुई हरकत से घबराई और सहमी हुई महिला ने तुरंत बाहर आकर अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद दोनों ने फौरन पुलिस की शरण लेने का फैसला किया।पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, 8 घंटे के भीतर शिकंजा
घटना के अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर बाराद्वार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन लिया और आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 407/26 दर्ज किया। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 64(2) और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। स्थानीय पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शिकायत मिलने के महज़ 8 घंटे के भीतर ही आरोपी डॉक्टर प्रदीप देवांगन को दबोच लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर सीधा जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने थोड़ी राहत की साँस ली है।






