Crime News: राजधानी में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अलग-अलग गंभीर अपराधों में संलिप्त तीन बदमाशों को जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने और चोरी जैसे अपराधों के कुल 29 मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस उपायुक्त उत्तर और पश्चिम क्षेत्र से मिले प्रतिवेदनों के आधार पर यह कार्रवाई की है।
आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड, उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों की समीक्षा के बाद छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5 (क) एवं (ख) के तहत जिलाबदर के आदेश जारी किए गए। आदेश के अनुसार, तीनों बदमाशों को रायपुर जिले के साथ गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और दुर्ग जिले की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गोकुल नंदन साहू पर नौ आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गोकुल नंदन साहू वर्ष 2020 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसे थाना पंडरी का गुण्डा-बदमाश बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट सहित नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने का मामला भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल है।
सन्नी ध्रुव के खिलाफ भी नौ मामले दर्ज
दूसरा जिलाबदर किया गया आरोपी सन्नी ध्रुव है। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2017 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के अलावा धार्मिक भावनाओं को आहत करने, संपत्ति ऐंठने के लिए चोट पहुंचाने तथा आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ कुल नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
रफीक खान उर्फ भूरू पर सबसे ज्यादा 11 मामले
तीसरा आरोपी रफीक खान उर्फ भूरू है, जो वर्ष 2021 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना और रात के समय ताला तोड़कर चोरी करना शामिल है। इसके अलावा अवैध हथियार रखकर लोगों को डराने-धमकाने तथा अवैध शराब की बिक्री और परिवहन से जुड़े मामले भी उसके खिलाफ दर्ज हैं।







