Crime News: मोबाइल फोन देखने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। गुस्से में आकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के फरसगांव की है।
मोबाइल देखने की बात पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, फरसगांव निवासी कुंदन सोरी घर में बैठकर मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई कैलाश सोरी ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कैलाश ने आपा खो दिया और लकड़ी के डंडे से कुंदन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर पर भी जोरदार वार किया। गंभीर चोट लगने के कारण कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इस हद तक बढ़ गया कि एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया।






