Raipur News: मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित विनायक मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुकान संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कोडिन सिरप की 32 शीशियां जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 12,800 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, सिरप बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही थी।
सूचना के बाद संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि ब्रह्मदेव नगर स्थित विनायक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की तैयारी की।
कार्रवाई से पहले पुलिस ने ग्राहक बनकर सिरप खरीदने की प्रक्रिया अपनाई। इस दौरान बिना डॉक्टर की पर्ची के सिरप बेचे जाने की पुष्टि होने पर टीम ने मेडिकल स्टोर में छापा मारा। मौके से दुकान संचालक धीरज कुमार दुबे और वहां मौजूद जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह को हिरासत में लिया गया।
32 शीशियां जब्त, दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान पुलिस को कोडिन सिरप की 32 शीशियां मिलीं। पुलिस ने सिरप के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों आरोपी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सिरप जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पहले भी नशीली सिरप के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार दुबे (48), निवासी आकृति विहार, अमलीडीह और जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29), निवासी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लाभांडी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जीत सिंह इससे पहले भी प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







