Raipur Kidnapping Case: खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मामले में तीन संदिग्धों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से हिरासत में लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और वाहन की लोकेशन ट्रैक कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इस दौरान रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। मामला 2 अक्टूबर की रात सामने आया। डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने पुलिस को बताया कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं लौटे हैं।
उनका मोबाइल फोन भी बंद है। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की यूपी पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे।
यूपी की ओर जा रही थी स्कॉर्पियो
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो की तकनीकी निगरानी शुरू की। कुछ ही समय में वाहन के उत्तर प्रदेश की दिशा में बढ़ने की जानकारी सामने आई। इसके बाद रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क कर वाहन की जानकारी साझा की। अहरौरा के साथ चौपन, रॉबर्ट्सगंज और रास्ते में पड़ने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस की टीम लगातार वाहन की लोकेशन और टोल से जुड़ी जानकारी संबंधित टीमों तक पहुंचाती रही। जैसे-जैसे स्कॉर्पियो की लोकेशन बदलती गई, रास्ते में तैनात पुलिस टीमों को भी इसकी जानकारी दी जाती रही।अहरौरा में पकड़ी गई स्कॉर्पियो
लगातार निगरानी और नाकाबंदी के बाद मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक प्रतीक राय को वाहन और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद के चलते जबरन साथ ले जाया गया था। आरोपियों के उसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की बात भी सामने आई है। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अभय सिंह (28), निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी; बृहस्पत देव सिंह (27), निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर और आदर्श सिंह (24), निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। तीनों को अहरौरा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश पहुंच चुकी है। इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज से लेकर तकनीकी निगरानी, वाहन की ट्रैकिंग और टोल संबंधी जानकारी जुटाने तक कई स्तरों पर काम किया। दूसरे राज्य की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय के चलते पुलिस को संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता मिली।

