Chhattisgarh News: सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डोंगरगढ़ के बधियाटोला निवासी 21 वर्षीय विवेक साहू की कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा फंसा रह गया, घाव को सही तरीका से जांच किए बिना ही टांके लगा दिए गए। और युवक को घर भी भेज दिया गया। समय रहते लापरवाही का पता चल गया, वरना परिणाम गंभीर हो सकते थे।
कमर में फंसा रहा चाकू का टुकड़ा, लगाए टांके
जानकारी के मुताबिक, विवेक साहू आपसी झड़प के दौरान चाकू से घायल हो गए थे। इसके बाद वे उपचार के लिए डोंगरगढ़ स्थित शासकीय अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने उनके घाव की ठीक से जांच किए बिना ही टांके लगा दिए और उन्हें घर भेज दिया, लेकिन उपचार के बाद भी विवेक को दर्द से राहत नहीं मिली। परेशानी लगातार बनी रही तो उन्होंने घाव का एक्स-रे कराया।
जांच में जो सामने आया, उसने युवक और उसके परिजनों को हैरान कर दिया। चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा उनके शरीर में फंसा हुआ था। इसके बाद विवेक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बीते दिन शरीर में फंसे चाकू के टुकड़े को बाहर निकाला गया और घाव का दोबारा उपचार शुरू किया गया।
पुलिस को सूचना देने पर उठे सवाल
सवाल यह है कि जिस घाव का सरकारी अस्पताल में उपचार किया गया, उसमें चाकू का इतना बड़ा टुकड़ा कैसे छूट गया? क्या टांके लगाने से पहले घाव की गंभीरता और उसकी गहराई की जांच नहीं की गई? और सबसे अहम, इस कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी? हैरानी की बात यह भी है कि पूरे मामले की जानकारी डोंगरगढ़ पुलिस को भी नहीं थी। एक तरफ चाकूबाजी की घटना हुई, दूसरी तरफ घायल युवक के सरकारी और फिर निजी अस्पताल में उपचार कराने के बावजूद पुलिस तक इसकी सूचना क्यों नहीं पहुंची? क्या संबंधित अस्पतालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी? यदि नहीं, तो इसकी भी जांच जरूरी है।
अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी, जांच का इंतजार
हालांकि अस्पतालों की ओर से सूचना नहीं दिए जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जिम्मेदारों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। अब तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है। जल्द ही मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल सिर्फ एक युवक के इलाज में हुई कथित चूक का नहीं, बल्कि सरकारी अस्पताल की जवाबदेही का है।
क्या स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या उपचार में लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय होगी? या फिर जांच और कार्रवाई की औपचारिकता के बीच यह मामला भी दबकर रह जाएगा? फिलहाल, शरीर से चाकू का टुकड़ा तो निकल गया, लेकिन सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों का जवाब मिलना बाकी है।












