Bhilai Electric Bus: लोगों को आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प मिलने जा रहा है। शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत एक इलेक्ट्रिक बस ट्रायल के लिए भिलाई पहुंची। हालांकि, बस के आने के बाद भी यात्रियों को नियमित सेवा शुरू होने के लिए कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है। इसकी मुख्य वजह बसों के संचालन के लिए बनाए जा रहे चार्जिंग डिपो का अधूरा काम है। दरअसल, दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है। योजना के पहले चरण में 20 बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी है। इसके लिए संभावित रूट भी निर्धारित कर लिए गए हैं। बस सेवा शुरू होने से शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग से रायपुर और माना एयरपोर्ट तक मिलेगी बस सुविधा
प्रस्तावित रूट के अनुसार, दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई तक बसें चलाने की योजना है। वहीं दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, रायपुर, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर के लिए भी ई-बस सेवा प्रस्तावित है। इसके अलावा उतई और चंदूलाल अस्पताल जैसे स्थानीय मार्गों को भी रूट सूची में शामिल किया गया है। इन बसों के शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिल सकती है।
32 यात्रियों की क्षमता, सुरक्षा के लिए CCTV और GPS
ट्रायल के लिए भिलाई पहुंची बस 32 सीटर है और मध्यम श्रेणी की श्रेणी में आती है। इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप से टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। ई-बस सेवा का एक बड़ा उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में डीजल और पेट्रोल पर निर्भरता कम करना भी है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ईंधन की खपत और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।चार्जिंग डिपो का काम अधूरा, बिजली कनेक्शन का इंतजार
बसों के नियमित संचालन से पहले दुर्ग में चार्जिंग डिपो तैयार किया जा रहा है। यहां बसों की पार्किंग के साथ उन्हें चार्ज करने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल डिपो में बिजली आपूर्ति से जुड़ा काम पूरा नहीं हुआ है। इसी वजह से ट्रायल बस पहुंचने के बावजूद नियमित संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रेलवे लाइन के नीचे से 33/11 केवी क्षमता की बिजली लाइन निकालने का काम एक-दो दिनों में शुरू होना है। इसके लिए रेलवे की ओर से एनओसी भी जारी कर दी गई है। अब बिजली लाइन और चार्जिंग डिपो का काम पूरा होने के बाद ही बसों के नियमित संचालन का रास्ता साफ होगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से सेवा शुरू करने की निश्चित तारीख सामने नहीं आई है। ऐसे में भिलाई-दुर्ग के यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।











