Rajnandgaon News: सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। निर्माण कार्य में लगी एजेंसी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। दरअसल, राजनांदगांव से मोहला-मानपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का काम जारी है। इसी दौरान कार्य एजेंसी के कर्मचारियों और भरत वर्मा के बीच विवाद की स्थिति बन गई। कर्मचारियों का कहना है कि भरत वर्मा पहले भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर चुके हैं। उनके मुताबिक, इस शिकायत पर विभागीय स्तर पर जांच कराई गई थी, जिसमें निर्माण कार्य को सही पाया गया था। ताजा विवाद कुमरदा और बुशाल के बीच चल रहे फिलिंग कार्य के दौरान हुआ। कर्मचारियों के अनुसार, भरत वर्मा निर्माण स्थल पर पहुंचे और मुरुम की जगह गिट्टी डालने को लेकर आपत्ति जताई। इस पर मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें निर्माण से जुड़े तकनीकी प्रावधानों की जानकारी दी। एजेंसी के कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब एक ग्रेडर ऑपरेटर ने घटनाक्रम का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो उसे भी अपशब्द कहे गए और मारने के लिए दौड़ाया गया। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वे अपने परिवारों से दूर रहकर निर्धारित समय-सीमा में सड़क निर्माण का काम पूरा करने में जुटे हैं। ऐसे हालात में यदि कार्यस्थल पर ही डर और दबाव का सामना करना पड़ेगा, तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। इसी मामले को लेकर निर्माण एजेंसी के कर्मचारी एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत करते हुए भरत वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले में शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।











