Korba Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर देखने को मिला। दीपका इलाके में एक अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे होटल के सामने पार्किंग में खड़ी कारों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
मारुति कार और थार समेत कई गाड़ियों को नुकसान
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात दीपका थाना क्षेत्र में गेवरा-दीपका के कटघोरा रोड स्थित सिंह रेस्टोरेंट के सामने हुआ। रेस्टोरेंट की पार्किंग में कई कारें खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पार्किंग में खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में मारुति कार और थार समेत कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह के अनुसार, बोलेरो बजरंग चौक दीपका की तरफ से आ रही थी। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। बताया गया है कि बोलेरो SECL में नियोजित है और इसे चला रहा व्यक्ति विजयनगर का निवासी है।
CCTV फुटेज में दिखी टक्कर की पूरी घटना
हादसे की सूचना मिलने पर दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस बीच घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में बोलेरो तेज रफ्तार से आती दिखाई देती है। कुछ ही पलों में चालक वाहन पर नियंत्रण खो देता है और बोलेरो रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कारों से टकरा जाती है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह टक्कर हुई, उस दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।











