Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ छात्र-छात्राएं नशा करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) जारी करने का नोटिस दिया है।
शराब, सिगरेट और गांजा पीते दिखे विद्यार्थी
मामला कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धतूरा का है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 नवंबर का है। वीडियो में नौवीं कक्षा की दो छात्राएं शराब और सिगरेट का सेवन करती नजर आ रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्राचार्य ने बुलाई बैठक सात विद्यार्थियों को नोटिस
मामले को लेकर स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के परिजनों के साथ बैठक की। बैठक में पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की गई। इसके बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों सहित कुल सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने के संबंध में नोटिस जारी किया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से भेज दी गई है। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल, यह मामला जिले में स्कूली विद्यार्थियों के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और स्कूलों में अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।











