Crime News: जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर एक युवती के माध्यम से अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सूचना की पुष्टि के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।
ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिसकर्मी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर संबंधित मकान में भेजा। अंदर से निर्धारित संकेत मिलते ही बाहर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी कर दबिश दे दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे से युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपए देकर उसे इस गतिविधि के लिए बुलाने की जानकारी दी। शामिल होने की वजह बताया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
चक्रधरनगर पुलिस ने गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे और महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की अहम भूमिका रही।
एसएसपी ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती के दिए संकेत
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।












