Drug Smuggling: दुर्ग में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें चिट्टा (हेरोइन) का मुख्य सप्लायर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दुर्ग-भिलाई से लेकर रायपुर तक अलग-अलग इलाकों में घूमकर नशे की बिक्री करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और 11,200 रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 4 लाख 22 हजार 200 रुपए आंकी गई है।
इमली तालाब के पास चिट्टा बेचते पकड़ा गया युवक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को सूचना मिली थी कि कोहका स्थित इमली तालाब के पास एक युवक चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मृत्युंजय दुबे (27) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में मृत्युंजय ने पुलिस को बताया कि वह कृष्णा नगर सुपेला निवासी विकास पाल (23) से नशे का सामान खरीदता था और उसे रायपुर में बेचता था।
स्टील सिटी कॉलोनी से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
मृत्युंजय से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश दी। यहां से विकास पाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 6.72 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस के मुताबिक, विकास इस अवैध कारोबार में मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था। वह मृत्युंजय को नशे का सामान उपलब्ध कराता था, जिसके बाद उसकी अलग-अलग इलाकों में बिक्री की जाती थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी दोपहिया वाहनों से दुर्ग, भिलाई और रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर चिट्टा बेचते थे। एक-दूसरे के संपर्क में रहने और सप्लाई से जुड़े काम के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जाता था।4.22 लाख रुपए की सामग्री जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामद 10.30 ग्राम चिट्टे की कीमत करीब 2 लाख 6 हजार रुपए बताई है। इसके अलावा रेडमी और वनप्लस कंपनी के दो मोबाइल फोन, एक एक्टिवा और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, एक्टिवा की कीमत 80 हजार रुपए और सुजुकी एक्सेस की कीमत एक लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों के पास से 11 हजार 200 रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।












