Illegal Cough Syrup Smuggling: ओडिसा से रायपुर खपाने ले जाए जा रहे 115 नग प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार
Illegal Cough Syrup Smuggling: महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान 115 शीशी प्रतिबंधित Wincerex कफ सिरप जब्त की है। मामले में रायपुर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सिरप और परिवहन में इस्तेमाल बाइक समेत कुल 73,395 रुपये का सामान जब्त किया है।
Illegal Cough Syrup Smuggling: जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पलसापाली बैरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने ओडिसा की ओर से आ रहे दो युवकों को दबोचा, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित
नशीली कफ सिरप (Wincerex) बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को देखकर भागने की फिराक में थे आरोपी
बसना थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि) पंकज बाघ ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को वे अपनी टीम—आरक्षक 303 गौतम पटेल और 663 हितेश डहरिया के साथ—विवेचना किट, लैपटॉप, प्रिंटर और सरकारी अधिग्रहित वाहन (क्रमांक CG06HB7206) लेकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए पलसापाली बैरियर रवाना हुए थे। बैरियर पर पहले से तैनात आरक्षक 112 रिजवान खान को साथ लेकर जब वाहनों की जांच शुरू की गई, तभी ओडिसा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखे। पुलिस चेकिंग को देखकर दोनों युवक हड़बड़ा गए और अपनी बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा, बैग से मिला प्रतिबंधित सिरप
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपनी पहचान मिर्जा एजाज (32 वर्ष, निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा, रायपुर) और शेख अशफाक (38 वर्ष, निवासी शास्त्री मार्केट, गोल बाजार, रायपुर) के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिसा से
अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप खरीदकर बिक्री के लिए रायपुर ले जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को तुरंत सूचना दी गई और नियमनुसार स्वतंत्र गवाहों—हबीब खान और खेमराज महंती—की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई शुरू की गई।
कुल 115 नग कफ सिरप और बाइक जब्त
स्वतंत्र गवाहों और पुलिस स्टाफ के समक्ष जब आरोपियों के पास रखे काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।
सामग्री: Codine Phosphate and Triprolidine Hydrochloride Syrup (Wincerex Cough Syrup)
मात्रा: प्रत्येक शीशी 100-एमएल, कुल 115 नग (कुल मात्रा 11,500 एमएल)
कीमत: लगभग 23,395 रुपये (प्रति नग कीमत 203.44 रुपये)
अन्य जप्ती: परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG04RB1095, कीमत लगभग 50,000 रुपये)
कुल जप्ती: करीब 73,395 रुपये मूल्य का मसरूका।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज या लाइसेंस की मांग करने पर आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने् एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत जप्ती की कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की विवेचना शुरू कर दी है।