Korba Crime: जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला घुड़देवा क्षेत्र में नई रेलवे लाइन परियोजना से करीब 3 लाख रुपए कीमत के कॉपर वायर की चोरी से जुड़ा है। जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि चोरी के इस मामले में रेलवे में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करने वाला व्यक्ति भी शामिल था। वहीं, दूसरा मामला SECL की सिंघाली खदान में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रेलवे लाइन से 300 मीटर कॉपर वायर चोरी
पहला मामला घुड़देवा क्षेत्र का है। यहां गेवरा से पेण्ड्रा रोड तक बिछाई जा रही नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन में इस्तेमाल होने वाला करीब 300 मीटर कॉपर केटेनरी वायर चोरी हो गया था। घटना 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई गई है। चोरी हुए तार की कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई थी। इस मामले में 31 अक्टूबर को शिकायत दर्ज होने के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का तार सिद्ध कबाड़ी को बेचा गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले की परतें खुलने लगीं। पूछताछ में सिद्ध कुमार बघेल ने बताया कि उसने गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से चोरी का तार खरीदा था और बाद में इसे किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेच दिया था। जांच में गुलशन बर्मन की पहचान रेलवे में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले व्यक्ति के तौर पर हुई। पुलिस ने मामले में संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के माल और एक तीन पहिया बाइक को जब्त किया है।
SECL सिंघाली खदान में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट
दूसरी कार्रवाई SECL की सिंघाली खदान में हुई मारपीट के मामले में की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अपने साथियों मारखं यादव, जगतराम यादव, रमेश पटवा और घुमान दास के साथ खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे सोना उर्फ वीरेंद्र, परमेश्वर, तखत और विजय नाम के आरोपी पर चोरी की नीयत से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस आए। यहां उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर पत्थरबाजी और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने वीरेंद्र कुमार पाटले उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। बांकीमोंगरा पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों के बाद क्षेत्र में रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और खदान परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।











