Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को घर की छत से उल्टा लटका दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मामला आंवला के लठैता मोहल्ले का बताया जा रहा है।
पति ने पत्नी को छत से उल्टा लटकाया
जानकारी के मुताबिक, नितिन सिंह नाम के युवक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी डोली की पहले जमकर पिटाई की और फिर उसे छत से नीचे उल्टा लटका दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी ने महिला को छोड़ दिया। इस दौरान महिला नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना का वीडियो वायरल, पति समेत 4 पर केस दर्ज
घटना के दौरान मोहल्ले में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर महिला का भाई भी मौके पर पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला के पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पति समेत 4 आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति पहले भी कई बार पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था। महिला के मायके पक्ष ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












