Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पत्रकार सपना की जान चली गई। वह रोज की तरह रैपिडो बाइक से अपने कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार की लापरवाही के चलते रैपिडो बाइक का संतुलन बिगड़ गया। सपना सड़क पर गिर पड़ीं और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल में रहकर एक निजी न्यूज चैनल के आउटपुट डेस्क पर काम कर रही थीं। एक पत्रकार के रूप में वह अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए रोजाना की तरह रविवार सुबह भी घर से निकली थीं।
भदभदा चौराहे पर कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे के पास हुई। सपना ने कार्यालय पहुंचने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। बाइक चालक उन्हें लेकर आगे बढ़ रहा था, तभी पीछे से या बगल से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने अचानक कट मार दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से रैपिडो चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। संतुलन बिगड़ने के कारण सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोटों के कारण सपना ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
नो एंट्री में डंपर की मौजूदगी पर उठे सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय संबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहता है। ऐसे में भदभदा चौराहे के पास नो एंट्री के दौरान डंपर कैसे पहुंचा और वह किस रास्ते से आया, इसकी जांच जरूरी है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का सवाल है कि यदि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही हो रही थी, तो संबंधित व्यवस्था की निगरानी क्यों नहीं की गई।CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक और बाइक को कट मारने वाले दूसरे वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए हादसे की पूरी कड़ी समझने के साथ दोनों वाहन चालकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में यातायात व्यवस्था, नो एंट्री के नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की जिम्मेदारी और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












