CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग कारोबारी की जान चली गई। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे-43 पर सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास शुक्रवार शाम यह हादसा हुआ। स्कूटी से जा रहे 70 वर्षीय त्रिलोक चंद गोयल ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, त्रिलोक चंद गोयल अपनी स्कूटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान सीतापुर में सेंट्रल बैंक के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी वहां से गुजर रहा एक ट्रेलर उन्हें अपनी चपेट में लेता हुआ निकल गया। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। त्रिलोक चंद गोयल सीतापुर में निहारिका स्टोर्स के नाम से थोक किराना दुकान का संचालन करते थे। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
एम्बुलेंस नहीं मिलने पर आटो से ले जाया शव
हादसे के बाद घटनास्थल पर करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। बाद में पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को उठाया और करीब 100 मीटर दूर तक ले गए। इसके बाद ऑटो के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया।जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और बिगड़ गई है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि इस सड़क के निर्माण कार्य के लिए हादसे से एक दिन पहले ही भूमिपूजन किया गया था। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं। दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






