Ambikapur News: जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दरिमा-बेलखरिखा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 22 करोड़ 10 लाख सात हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके अंतर्गत वर्तमान तीन मीटर चौड़ी सड़क को सात मीटर चौड़े दो लेन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लगभग 21 गांवों को सीधा लाभ मिलने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा तक आवागमन सुगम होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग और एयरपोर्ट से बेहतर होगा संपर्क
दरिमा-बेलखरिखा मार्ग अम्बिकापुर-दरिमा-नवानगर मुख्य जिला मार्ग को लहपटरा-बेलखरिखा मुख्य जिला मार्ग से जोड़ता है। आगे यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से जुड़ती है। वर्ष 2001-02 में बनी इस सड़क की चौड़ाई मौजूदा यातायात के लिहाज से कम पड़ रही है। सड़क के उन्नयन से राष्ट्रीय राजमार्ग-130 और मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा तक पहुंचना पहले से आसान होगा।
सड़क के साथ पुल-पुलियों और नाली का भी होगा निर्माण
एयरपोर्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग और मैनपाट पर्यटन क्षेत्र से जुड़ाव के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ उसकी मजबूती पर भी काम किया जाएगा। परियोजना में 10 पुल-पुलियों के निर्माण और 110 मीटर लंबी नाली बनाने का प्रावधान रखा गया है।मैनपाट जाने वाले पर्यटकों को मिलेगी राहत
सड़क के चौड़ीकरण का फायदा मैनपाट जाने वाले पर्यटकों को भी मिलेगा। दरिमा होकर मैनपाट पहुंचने पर यात्रा की दूरी करीब 18 किलोमीटर तक कम हो सकेगी। इससे पर्यटकों का समय बचेगा और सफर अधिक सुविधाजनक होगा। वहीं, एयरपोर्ट के आसपास रहने वाले ग्रामीणों का अम्बिकापुर शहर से संपर्क बेहतर होगा।
किसानों और स्थानीय व्यापार को मिलेगा लाभ
बेहतर सड़क सुविधा से किसानों को अपनी कृषि उपज और स्थानीय उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी। सड़क के उन्नयन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों पर भी सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है।लोक निर्माण विभाग कराएगा सड़क का उन्नयन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन ने लोक निर्माण विभाग के इस कार्य के लिए 2210.07 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।







