Road Accident: अंबिकापुर शहर के जयस्तंभ चौक में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्गा पूजा के जगराता कार्यक्रम के लिए लगाए गए पंडाल के पास सड़क किनारे बंधी रस्सी में फंसने से बुलेट सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान मायापुर निवासी फैजान के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जयस्तंभ चौक पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा था। शुक्रवार रात यहां जगराता कार्यक्रम चल रहा था। पंडाल को सहारा देने के लिए सड़क के किनारे रस्सी बांधी गई थी। इसी दौरान बुलेट पर सवार होकर गुजर रहे दोनों युवक रस्सी की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि अंधेरे या पर्याप्त संकेतक नहीं होने के कारण उन्हें रस्सी दिखाई नहीं दी।
अस्पताल ले जाने पर फैजान की मौत
रस्सी में गला फंसने के कारण दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिजन फैजान को संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दूसरे युवक का उपचार जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सड़क के किनारे रस्सी बांधने के बावजूद बैरिकेडिंग नहीं की गई थी और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए पर्याप्त संकेतक लगाए गए थे। उन्होंने प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने को भी हादसे की संभावित वजह बताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पुलिस बल तैनात
हादसे की सूचना मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कोतवाली थाने में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया गया और आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।







