NDPS Act: जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जामुल पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को कुरूद स्थित रंगला पंजाब ढाबा के पास से पकड़ा। आरोप है कि वे बस स्टैंड के नजदीक हेरोइन (चिट्टा) बेच रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 24.45 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और 3 हजार 200 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 66 हजार 800 रुपए बताई गई है।
मुखबिर से मिली सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को जामुल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुरूद में रंगला पंजाब ढाबा के पास दो युवक हेरोइन की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान ओंकार सिंह (23), निवासी सुभाष मार्केट, केएलसी जोन-2 खुर्सीपार और लुकेश कुमार सिंह (29), निवासी मौर्या कोचिंग के पास, 18 नंबर रोड कैम्प-1, वैशाली नगर के रूप में हुई।
तलाशी में 24.45 ग्राम हेरोइन बरामद
पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से 24.45 ग्राम हेरोइन मिली। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन और 3 हजार 200 रुपए नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर इसकी कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 66 हजार 800 रुपए आंकी है।NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी
जामुल पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। 27 नवंबर को गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।











