सांभर में कीड़ा देख छूटे ग्राहकों के पसीने
रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी मुरली होटल में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ थी। लोग गर्मागर्म डोसे और सांभर का लुत्फ उठा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक ने जैसे ही अपनी प्लेट में देखा, उसके होश उड़ गए। सांभर के अंदर एक कीड़ा साफ तैरता हुआ नजर आ रहा था। ग्राहक ने तुरंत इसकी जानकारी पास बैठे अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते यह बात पूरे होटल में फैल गई। खाने की थाली में कीड़ा देखकर ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। कई लोग तो अपना नाश्ता अधूरा छोड़कर ही बीच में उठकर बाहर निकल आए। कुछ समझदार ग्राहकों ने इस पूरे वाकये का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, होटल सील
वीडियो वायरल होने और ग्राहकों की शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम हरकत में आई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कटघोरा पहुंचकर मुरली होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि होटल में साफ-सफाई के बुनियादी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। किचन और आसपास का हाल बेहद खराब था, और फूड सेफ्टी (FSSAI) के मानकों का बिल्कुल पालन नहीं हो रहा था। अधिकारियों ने मौके से सांभर का सैंपल जब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए लैब भेज दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने होटल संचालक को अगले आदेश तक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखने का नोटिस थमा दिया है। साथ ही होटल में किसी भी तरह की खरीद-बिक्री और कामकाज पर रोक लगा दी गई है।पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले, जनता में भारी आक्रोश
खाद्य विभाग की टीम ने मुरली होटल के साथ-साथ शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा और आसपास के इलाकों में इस तरह की लापरवाही लगातार बढ़ रही है। कुछ दिन पहले ही एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़े में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आम जनता और ग्राहकों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि नामी और बड़े होटल पैसे तो पूरे वसूलते हैं, लेकिन ग्राहकों की सेहत और साफ-सफाई के साथ खुला खिलवाड़ कर रहे हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि सिर्फ एक-दो होटलों पर कार्रवाई करने के बजाय जिले के सभी छोटे-बड़े रेस्टोरेंट और होटलों की औचक जांच की जाए, ताकि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम कस सके।











