सुबह नाश्ता कर निकले थे, फिर कभी लौटकर नहीं आए
भांजे की आंखों देखी: "मामा जमीन पर पड़े थे और वे चाकू से वार कर रहे थे"
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा खुलासा मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने किया है। अरमान ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने मामा के घर पहुंचा था। जब उसने मामी से मामा के बारे में पूछा, तो उन्होंने मैदान के पास एक ऑफिस में होने की बात कही।
"जब मैं बताए गए स्थान पर पहुँचा, तो मुझे मामा की आवाज सुनाई दी। वे कह रहे थे— 'तू कितना बड़ा गुंडा है, मार... चाकू मार!' मैं दौड़कर मौके पर पहुँचा तो देखा कि मामा जमीन पर बेसुध पड़े थे और दो नाबालिग उनके गले व शरीर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर रहे थे।" — अरमान भारद्वाज, मृतक का भांजा
अरमान को देखते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। उसने पुलिस को दिए अपने बयान में पुष्टि की है कि पुलिस हिरासत में मौजूद दोनों युवक वही हैं, जिन्हें उसने घटनास्थल पर खून से खेलते हुए अपनी आँखों से देखा था।
नशे की लत और पुराना विवाद बना हत्या की वजह?
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि संदिग्ध युवक उसी मोहल्ले के रहने वाले हैं और भांजे के परिचित हैं। हालांकि किसी बड़े पुराने विवाद से तो इंकार किया गया है, लेकिन एक अहम एंगल सामने आया है। भांजे अरमान के मुताबिक, दोनों में से एक युवक ने पहले उसे नशा करवाने की कोशिश की थी। जब इस बात का पता अविनाश को चला, तो उन्होंने खासी नाराजगी जताई थी और उस युवक को खरी-खोटी सुनाई थी कि उसने उनके भांजे को नशे की तरफ क्यों धकेला। परिजनों का मानना है कि इसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से तहकीकात कर रही है।
घटनास्थल की खौफनाक तस्वीर और साक्ष्य
वारदात स्थल पर फैले खून के निशान इस बात की गवाही दे रहे थे कि हत्या कितने बेरहमी से की गई है। मौके पर खून से सना पानी का एक लोटा और कुछ चप्पलें बिखरी मिलीं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि हत्या के एक-एक पल और क्रम का खुलासा किया जा सके।
सिर्फ नाबालिग नहीं, इसके पीछे किसी बड़े शातिर का हाथ है
मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने पुलिस की शुरुआती थ्योरी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने साफ तौर पर आशंका जताई है कि इस हत्याकांड के पीछे केवल नाबालिगों का हाथ नहीं हो सकता। पत्नी का रो-रोकर कहना है कि अविनाश के पेट पर जिस तरह से गहरे और क्रूर वार किए गए हैं, जिससे उनकी आंतें तक बाहर आ गईं—वह किसी पेशेवर या अधिक उम्र के वयस्क शख्स की कार्यशैली लगती है। परिजनों ने मांग की है कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच करे, ताकि पर्दे के पीछे छिपे असली मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। फिलहाल, पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के मिलने के बाद ही हत्या की असली वजह और इसमें शामिल अन्य चेहरों से पर्दा उठ सकेगा।












