Balod Murder Case: शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस हत्याकांड के करीब डेढ़ साल बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पुलिस की विवेचना के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया। खास बात यह रही कि तत्कालीन थाना प्रभारी मुकेश सिंह और उनकी टीम ने मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जो आरोपी को सजा दिलाने में अहम साबित हुए।
शराब भट्ठी के पास हुआ था
विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2025 को लोहारा निवासी मोहित निषाद ने थाना डौंडीलोहारा में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह को घटना की सूचना दी थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो का शराब भट्ठी लोहारा के पास विजय बघेल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने लोहे के पाइप से विजय बघेल के सिर और माथे पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विजय बघेल की मौत हो गई।
लोहे का पाइप किया गया जब्त, वैज्ञानिक जांच से मिले अहम सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नियमानुसार मर्ग कायम कर अपराध दर्ज किया और मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप को जब्त कर रासायनिक परीक्षण के लिए भेजा। वहीं, मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने को मौत का कारण बताया गया। रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति भी हत्यात्मक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ने पर काम किया।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मजबूत हुआ मामला
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और मैदानी स्तर पर की गई पड़ताल को एक साथ जोड़कर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। तत्कालीन थाना प्रभारी मुकेश सिंह और उनकी टीम की सूक्ष्म विवेचना के बाद मामला अदालत तक पहुंचा। न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया गया।
अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने प्रकरण में पैरवी की। करीब डेढ़ साल पहले शराब भट्ठी के पास हुए विवाद में हुई इस हत्या के मामले में अदालत के फैसले के बाद पीड़ित पक्ष को न्याय मिला है। वहीं, यह मामला पुलिस की साक्ष्य आधारित विवेचना और वैज्ञानिक जांच के महत्व को भी सामने लाता है।












