Janjgir Champa Crime News: मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में करीब दो महीने पहले हुई युवक अमित भंडारी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर उपजा विवाद था। पुलिस के अनुसार, गांव की ही एक युवती से अमित के पुराने संबंध थे, जिसे लेकर युवती के भाई ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में पता चला कि अमित भंडारी और संतोषी सिंह के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। इसी बात को लेकर संतोषी के भाई बजरंग सिंह ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
घर के पीछे छिपाया शव, फिर बदल दिया ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने अमित के शव को करीब एक दिन तक घर के पीछे स्थित बाड़ी में झाड़ियों के नीचे छिपाकर रखा। इसके बाद अपने बड़े भाई पप्पू सिंह की मदद से शव को गांव के बीच एक अन्य स्थान पर पहुंचा दिया, ताकि पुलिस की जांच का शक उन तक न पहुंचे। अमित 27 जून की रात अपने घर से निकला था। अगले दिन उसके परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। 29 जून की सुबह उसका शव अमहदा तालाब के पास एक सुनसान बाड़ी में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रेम प्रसंग के अलावा जुआ-सट्टा, शराब से जुड़े लोगों और पुराने विवादों समेत कई एंगल से जांच शुरू की।
आधी रात को मिलने पहुंचा था अमित
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात अमित और संतोषी के बीच देर रात तक फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद करीब 2.30 बजे अमित संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा। इसी दौरान टेंट का काम खत्म कर संतोषी का भाई बजरंग सिंह घर पहुंचा। पीछे से आवाज सुनकर वह वहां गया और उसने अपनी बहन के साथ अमित को देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान मारपीट हुई और अमित का सिर दीवार से टकरा गया। जब वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा, तभी बजरंग ने पास रखे कृषि उपकरण से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अमित की मौत हो गई।हत्या के बाद रची गई गुमराह करने की साजिश
हत्या के बाद बजरंग ने शव को घर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस के मुताबिक, उस रात गांव में चोरी की सूचना के कारण डायल-112 की टीम और ग्रामीण सक्रिय थे, इसलिए आरोपी शव को तुरंत दूसरी जगह नहीं ले जा सके। अगले दिन बजरंग का बड़ा भाई पप्पू सिंह गांव पहुंचा। बजरंग ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने अमित को खोजने का दिखावा किया और थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, रात में मौका देखकर दोनों ने शव को गांव के दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने बजरंग सिंह, संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया है। संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी बजरंग सिंह को पुलिस रिमांड में लेकर आगे की जांच और फॉरेंसिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ ली गई हैं।

