Janjgir-Champa News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को मौसम खराब होने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास की एक झोपड़ी में जाकर रुक गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीन लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- नरेश खैरवार (24 वर्ष), पिता रामू खैरवार, निवासी महुदा, थाना बलौदा
- रामभरोश पटेल (32 वर्ष), पिता कंश राम पटेल
- तुलसी राम पटेल (51 वर्ष), पिता बेदराम पटे
तीन लोग हुए घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों के नाम इस प्रकार हैं—
- अंजू पटेल (26 वर्ष), पति रामभरोश पटेल
- दुलारा बाई पटेल (46 वर्ष), पति तुलसी पटेल
- बैशाखू (32 वर्ष), पिता रामू खैरवार
बारिश के मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या अस्थायी झोपड़ियों में रुकने से बचना चाहिए और सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए।

