Crime News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोबाइल पर धार्मिक रील देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि बहस के दौरान पति ने तलवार से पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के सिर, गर्दन, कलाई और घुटने पर चोटें आई हैं। घायल महिला का अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, 36 वर्षीय रीतू उर्फ रेवती तोमर अपनी बच्ची के साथ कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम से जुड़े वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान उनके 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचे।
बहस के बाद तलवार से हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पति ने तलाक देने की बात भी कही। आरोप है कि इसके बाद वह घर में बने मंदिर में रखी तलवार लेकर आया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। तलवार के वार से महिला के सिर और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए रीतू घर से बाहर भागीं, लेकिन आरोप है कि पति ने उनका पीछा करते हुए गर्दन और घुटने पर भी वार किए।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।पड़ोसी के घर में घुसकर बचाई जान
हमले में घायल महिला किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंचीं और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया, खून से लथपथ हालत में वह कुछ देर बाद बेहोश हो गईं। शोर सुनकर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका उपचार जारी है।







