Durg Voter List: दुर्ग जिले में विधानसभा क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची जारी कर दी गई है। सूची में नाम दर्ज कराने, कटवाने या किसी तरह की त्रुटि सुधारने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। खास बात यह है कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मतदाता सूची के प्रकाशन और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में जमा कराई जा सकेंगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की जांच कर 28 दिसंबर तक उनका निराकरण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
दुर्ग जिले में पुरुषों से अधिक महिला मतदाता
प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, दुर्ग जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों और बेमेतरा जिले के दो आंशिक विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 12 लाख 63 हजार 157 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 6 लाख 34 हजार 836 महिला, 6 लाख 28 हजार 280 पुरुष और 41 अन्य मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, जिले में पुरुषों के मुकाबले 6,556 महिला मतदाता अधिक हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में वैशाली नगर सबसे आगे है, जहां 2 लाख 11 हजार 96 मतदाता दर्ज हैं। वहीं भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1 लाख 28 हजार 42 मतदाता हैं।
30 से 39 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता सबसे ज्यादा
आयु के आधार पर मतदाताओं की संख्या देखें तो 30 से 39 वर्ष के लोग सबसे बड़े समूह में हैं। इस आयु वर्ग में कुल 3 लाख 60 हजार 419 मतदाता दर्ज हैं। इसके बाद 20 से 29 वर्ष के 2 लाख 44 हजार 279 मतदाता हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष की उम्र के 7,959 युवा प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल हैं। कलेक्टर ने युवाओं से अपील की कि वे पात्रता पूरी होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं।किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म भरना होगा?
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या पहले से दर्ज जानकारी में बदलाव के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं।
- फॉर्म-6: पहली बार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए।
- फॉर्म-8: नाम, पते या अन्य दर्ज जानकारी में सुधार कराने के लिए। इसी फॉर्म से एक ही विधानसभा क्षेत्र में पता बदलने की जानकारी भी दी जा सकती है।
घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाताओं को आवेदन जमा करने के लिए मतदान केंद्र जाने के अलावा ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। वे मतदाता सेवा पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया, आवेदन या किसी अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तारीखों के भीतर अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार जरूर कराएं।












