Murder Case: अंधविश्वास ने ली बुजुर्ग विधवा की जान, जादू-टोने के शक में हथौड़ी से पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार
Murder Case: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में टोनही होने के शक में एक बुजुर्ग विधवा महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पस्ता थाना क्षेत्र के सरगवां पंडोपारा गांव में दो महिलाओं की मौत का जिम्मेदार मानकर चार आरोपियों ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Murder Case: बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अंधविश्वास के दलदल में फंसे कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग विधवा महिला को
'टोनही' (डायन) कहकर मौत के घाट उतार दिया। दो महिलाओं की स्वाभाविक मौतों को जादू-टोने का भ्रम मानकर चार लोगों ने मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात 9 नवंबर की रात करीब नौ बजे की है। कुछ समय पहले आरोपी देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की बीमारी से मौत हो गई थी, वहीं दूसरे आरोपी मुनेश अगरिया की मां सिबनी की भी तीन हफ्ते पहले बुखार के चलते जान चली गई थी। इन दोनों मौतों को कुदरती बीमारी मानने के बजाय, ये आरोपी मृतका रजपतिया पंडो को इसका जिम्मेदार ठहराने लगे। उनका अंधविश्वास इस हद तक बढ़ गया कि वे रजपतिया को ही अपनी माओं की मौत का कारण मानते हुए उसे 'टोनही' कहकर प्रताड़ित करने की सोचने लगे।
खौफनाक साजिश और हत्या की रात
9 नवंबर की रात चारों आरोपी—देवकुमार देवांगन (26), मुनेश अगरिया (45), शिवनाथ नगेशिया (56) और रामप्रसाद पंडो (35)—एक योजना के तहत मृतका रजपतिया पंडो के घर पहुँचे। साजिश के तहत रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया ने घर के बाहर मोर्चा संभाला और पहरा देने लगे, ताकि आसपास किसी को भनक न लगे। उधर, देवकुमार देवांगन और मुनेश अगरिया सीधे घर के अंदर दाखिल हुए। उन्होंने रजपतिया पर "तू डायन है, टोनही है, हमारे घर वालों को खा रही है" का आरोप लगाते हुए हथौड़ी से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इस निर्मल हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। अगली सुबह, यानी 10 नवंबर को सुबह करीब साढ़े सात बजे, मृतका के सौतेले बेटे जेठू पंडो ने जब अपनी मां को काफी देर तक बाहर नहीं देखा, तो वे उनका हाल जानने घर पहुँचे। घर का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर चारपाई पर रजपतिया का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ऐसे पहुँची हत्यारों तक
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और मामले की वैज्ञानिक व बारीकी से जांच शुरू की। इस दौरान डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि मृतका के पति की कई साल पहले मौत हो चुकी थी और वह अपने घर में अकेले रहती थी, जिसकी देखभाल उसके सौतेले बेटे करते थे। जांच के दौरान पुलिस को यह अहम सुराग मिला कि आरोपी शिवनाथ नगेशिया का मृतका के घर आना-जाना था। इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने जब शिवनाथ को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने बाकी तीनों आरोपियों को भी धर दबोचा।
विशेषज्ञ की राय: समाज में जागरूकता की सख्त जरूरत
इस तरह की अंधविश्वासी और अमानवीय घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राजीव गांधी शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति विश्वास का कहना है:
"जागरूकता की कमी के कारण समाज में आज भी ऐसी दर्दनाक घटनाएं देखने को मिलती हैं, जिसके लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। कमजोर सामाजिक संरचना, आत्मकेंद्रित दृष्टिकोण और शिक्षा का अभाव इसके पीछे के अहम कारक होते हैं। हमें यह भी देखना चाहिए कि ऐसी घटनाओं के पीछे कहीं आरोपियों को किसी अन्य निजी लाभ की मंशा तो नहीं थी। इसके अलावा, पारिवारिक विघटन भी समाज में इस तरह की कुप्रथाओं को बढ़ावा देने का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है।"