Raipur News: सदानी दरबार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में गुरुवार देर रात अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। रात करीब 2 बजे अलार्म की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम बिना देरी किए बैंक पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कुछ कमियां भी सामने आईं, जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
रात 2 से 2:30 बजे के बीच बजा अलार्म
मिली जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच बैंक का इमरजेंसी अलार्म अचानक सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, थाना प्रभारी अभनपुर आशीष यादव और माना थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर का निरीक्षण कर अलार्म बजने की वजह और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। देर रात हुई इस घटना को देखते हुए पुलिस ने बैंक के आसपास के हिस्सों की भी जांच की।
बैंक के पिछले हिस्से में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ जरूरी सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। पुलिस अधिकारियों ने बैंक मैनेजर को मौके पर बुलाकर सुरक्षा से जुड़ी कमियों की जानकारी दी। खास तौर पर बैंक के पिछले हिस्से में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और अन्य सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक प्रबंधन इन कमियों को जल्द दूर करे, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकेरात में बैंकों और एटीएम पर पुलिस की निगरानी
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि रात के समय बैंकों, एटीएम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश हैं। देर रात बैंक का अलार्म बजने पर पुलिस की त्वरित पहुंच इसी सतर्कता का हिस्सा रही। हालांकि, अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।











