Kawardha Accident: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भाई दूज का त्योहार एक दर्दनाक हादसे के चलते मातम में बदल गया। रणवीरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम बनिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के पिता और उनके दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया।
बच्चों के साथ जा रहे पिता की भी गई जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में पहली मोटरसाइकिल एसपी शाइन (SP Shine) थी। इस पर बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनराका निवासी भूपेंद्र कश्यप (40) अपनी बेटी ऋतु कश्यप (15) और बेटे पंकज कश्यप (12) के साथ सवार थे। ग्राम बनिया के पास उनकी बाइक की दूसरी मोटरसाइकिल से सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में भूपेंद्र, ऋतु और पंकज की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दूसरी बाइक पर चार युवक थे सवार
वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पल्सर थी। जिस पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इस बाइक पर ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा निवासी भावेश सिन्हा (20), पिता खेम सिन्हा की भी हादसे में जान चली गई। भावेश के साथ बाइक पर तोमन मरावी (18), पिता सदासिंग और भानुप्रताप सिंह (17), पिता चंद्रेश सिंह भी मौजूद थे। दोनों युवक दुर्घटना में घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस और डायल 112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
त्योहार के दिन दो परिवारों में पसरा मातम
भाई दूज के दिन हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक तरफ जहां लोग भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार मना रहे थे, वहीं कवर्धा में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल बन गया।
हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस
घटना रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिलहाल दोनों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।












