Maa Bamleshwari Temple: नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। मंदिर परिसर से लेकर प्रमुख पदयात्री मार्गों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक चलाकर और तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। तीनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। धार्मिक नगरी में बढ़ती भीड़ के बीच किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
तेज रफ्तार बाइक और हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को नवरात्रि के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान नुकेश यादव (22), आकाश ठाकुर (19) और हरपीत पटेल एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार से वाहन चलाते और तेज हॉर्न बजाते हुए श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे। बताया गया कि जब श्रद्धालुओं ने युवकों को ऐसा करने से मना किया, तो वे विवाद करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के मुताबिक, तीनों आक्रोशित हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए। इससे मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई की जद में आए युवकों में नुकेश यादव और आकाश ठाकुर, निवासी आरी, तथा हरपीत पटेल, निवासी झिटिया, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव शामिल हैं।
नवरात्रि में 1200 जवानों की तैनाती
डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक स्तर पर तैयार किया है। एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, पर्व के दौरान करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अंजोरा से डोंगरगढ़ तक प्रमुख पदयात्री मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा मंदिर की सीढ़ियों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान रास्तों पर भीड़ को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता नहीं
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल और रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में तीन युवकों के खिलाफ की गई कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस का जोर इस बात पर है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़भाड़ वाले रास्तों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना, अनावश्यक हॉर्न बजाना और समझाइश के बाद भी विवाद करना किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है। नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से भी अनुशासन बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों की सुरक्षा में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







