Fake Baba: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में अंधविश्वास की आड़ में लोगों से ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताने वाले एक फर्जी बाबा पर लोगों को बीमारी ठीक करने, संतान प्राप्ति और नौकरी दिलाने जैसे दावे कर पैसे ऐंठने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि इस बाबा के संपर्क में युवा पीढ़ी यानी Gen Z के लोग भी आए हैं। मामला करीब एक साल से चल रही गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। अब मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और बाबा के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
बीमारी ठीक करने से लेकर संतान दिलाने तक के दावे
शिकायत के मुताबिक, रसूलपुर इलाके में रहने वाले इस व्यक्ति ने अपना ठिकाना 'रकह बाबे शिफा' के नाम से बना रखा था। आरोप है कि वह खुद को रूहानी शक्तियों से संपन्न बताकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को अपने झांसे में लेता था। वह दावा करता था कि तंत्र-मंत्र और रूहानी ताकतों के जरिए किसी भी बीमारी को ठीक कर सकता है। इतना ही नहीं, निसंतान दंपतियों को संतान दिलाने और बेरोजगारों को नौकरी लगवाने तक का भरोसा देता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दावों के भरोसे कई लोगों से बड़ी रकम वसूली गई। बैकुंठपुर के एक व्यक्ति सहित अन्य लोगों से भी लाखों रुपए लेने की बात सामने आई है। आरोप है कि फोन-पे के जरिए ही डेढ़ लाख रुपए से अधिक की रकम वसूली गई।
Gen Z युवाओं को भी बनाया निशाना
स्थानीय निवासी अनीश वारसी ने बताया कि फर्जी बाबा लोगों को असाधारण चमत्कार करने का भरोसा दिलाता था। वह यहां तक कहता था कि मृत व्यक्ति को दोबारा जीवित कर सकता है और गंभीर बीमारियों को भी ठीक कर सकता है। हालांकि, लोगों का आरोप है कि पैसे लेने के बाद उसके दावों के मुताबिक कोई परिणाम सामने नहीं आया। अनीश वारसी के मुताबिक, हाल ही में एक व्यक्ति के बच्चे की तबीयत ठीक करने का दावा कर उससे करीब 4.5 लाख रुपए लिए गए थे। लेकिन लगभग दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद जब फर्जी बाबा से जवाब मांगा गया तो वह जिन्नात होने और परिवार को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां देने लगा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उसके निशाने पर युवाओं को भी रखा जा रहा था।ऑनलाइन पेमेंट के सबूतों के साथ थाने पहुंचे लोग
मामले को लेकर मोहल्लेवासियों में नाराजगी है। लोगों ने कोतवाली थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत के साथ किए गए ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट की प्रतियां भी लगाई गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।











