Bhilai News: साइकिल पोलो ग्राउंड में अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब अभ्यास खत्म होने के बाद उनकी स्कूटी की डिक्की से 13 मोबाइल फोन गायब मिले। सभी खिलाड़ियों ने अपने फोन सुरक्षित रखने के लिए एक ही स्कूटी की डिक्की में रखे थे। घटना के बाद खिलाड़ियों ने भिलाई नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, जयंती स्टेडियम बंद होने के कारण इन दिनों खिलाड़ी सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के सामने बने साइकिल पोलो ग्राउंड में अभ्यास कर रहे हैं। इसी दौरान खिलाड़ियों ने अपने-अपने मोबाइल फोन एक स्कूटी की डिक्की में रख दिए और अभ्यास में जुट गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि खेल के मैदान में अभ्यास के दौरान उनके साथ इस तरह की घटना हो जाएगी। अभ्यास पूरा होने के बाद जब खिलाड़ी वापस स्कूटी के पास पहुंचे और डिक्की खोली, तो उसमें रखे सभी 13 मोबाइल गायब थे। अचानक हुई इस घटना से खिलाड़ी परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चला।
मोबाइल में थे परीक्षा के एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज
चोरी हुए मोबाइल फोन Android श्रेणी के और सामान्य कीमत वाले बताए जा रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि फोन भले ही महंगे नहीं थे, लेकिन उनमें उनके लिए कई जरूरी जानकारियां मौजूद थीं। कुछ मोबाइल में प्रतियोगी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, पढ़ाई से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित था। ऐसे में मोबाइल चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जरूरी जानकारियां खोने की चिंता भी सता रही है।
रिटायर्ड शिक्षक बच्चों को देते हैं निःशुल्क ट्रेनिंग
खिलाड़ियों के अभ्यास के दौरान भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के सेवानिवृत्त शिक्षक आर. सुनील कुमार भी मौजूद थे। वे बच्चों को निःशुल्क एथलेटिक्स प्रशिक्षण देते हैं। घटना के बाद उन्होंने भी खिलाड़ियों के साथ मिलकर पुलिस से शिकायत की और मोबाइल फोन जल्द बरामद करने की मांग की। खिलाड़ियों ने पुलिस और क्राइम ब्रांच से मामले की गंभीरता से जांच करने की अपील की है। उनका कहना है कि मोबाइल फोन उनके लिए केवल बातचीत का साधन नहीं थे, बल्कि पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल गतिविधियों से जुड़ी तैयारियों का भी अहम हिस्सा थे। फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। अब खिलाड़ियों को अपने मोबाइल फोन वापस मिलने और चोरी की घटना का खुलासा होने का इंतजार है।











