Food Safety Inspection: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नए खुले विशाल मेगा मार्ट में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां बिक्री के लिए रखे पास्ता के पैकेट में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। खरीदारी करने पहुंची एक महिला ग्राहक ने जब पैकेट की जांच की तो उसमें कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने मार्ट के कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया।
शिकायत के बाद भी नहीं हटाया गया पैकेट
जानकारी के मुताबिक, महिला ग्राहक अन्य सामान के साथ पास्ता का पैकेट भी खरीद रही थीं। इसी दौरान पैकेट को ध्यान से देखने पर उन्हें अंदर कीड़े नजर आए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी काउंटर पर मौजूद कर्मचारी को दी। महिला का आरोप है कि कर्मचारी ने पैकेट हटाने की बात तो कही, लेकिन उसे अलग रखने के बजाय दूसरी जगह रख दिया और उसके ऊपर अन्य पैकेट रख दिए। इस रवैये से नाराज महिला ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और ग्राहकों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला ग्राहक ने फोन के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशाल मेगा मार्ट में जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों को पास्ता के कई पैकेट में कीड़े मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भी माना कि खाद्य सामग्री में इस तरह की स्थिति गंभीर लापरवाही है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।संदिग्ध पास्ता का स्टॉक सील, लैब भेजे जाएंगे सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पास्ता के स्टॉक को सील कर जब्त कर लिया है। साथ ही जांच के लिए सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर मार्ट प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।












