Crime News: रेलवे स्टेशन पर बैंगलोर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही महिला को मदद का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाया, जिससे वह बेहोशी की हालत में सो गई और उसकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद आरोपी उसे लॉज ले गया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में किराये के मकान में रखकर आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पानी पीने के बाद बेहोश हुई महिला, छूट गई ट्रेन
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 22 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को वह अपने मायके से बैंगलोर जाने के लिए सुबह करीब 7:30 बजे राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंची थी। टिकट लेने के बाद ट्रेन में देरी होने के कारण वह प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बैठकर इंतजार कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे एक महिला और एक पुरुष उसके पास आए। बातचीत के दौरान पीड़िता ने उन्हें बैंगलोर जाने की बात बताई। दोनों ने भी उसी दिशा में जाने की बात कही। कुछ देर बाद महिला वहां से चली गई।
आरोप है कि इसके बाद पुरुष ने ट्रेन आने में समय होने की बात कहकर पीड़िता को पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के बाद वह वहीं सो गई और इस बीच उसकी ट्रेन छूट गई। पीड़िता के मुताबिक, अगली सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने सोने की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया और उसे स्कूटी पर बैठाकर बस स्टैंड के पास स्थित चंद्रा लॉज ले गया। वहां उसके विरोध के बावजूद जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने उसे दो से तीन दिनों तक लॉज में रखा और इस दौरान कई बार उसके साथ जबरदस्ती की।
किराये के मकान में ले जाकर भी करता रहा प्रताड़ित
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि लॉज के बाद आरोपी उसे दीवानटोला, बजरंगपुर नवागांव क्षेत्र में स्थित एक किराये के मकान में ले गया। वहां भी वह उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला का आरोप है कि आरोपी उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाता था। जब उसने बताया कि ऑपरेशन हो चुका है और वह मां नहीं बन सकती, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगा। साथ ही उसे घर से निकालने की धमकी भी देता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार महिला ने पुलिस से शिकायत की।आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में गठित टीम ने पतासाजी करते हुए 24 नवंबर को आरोपी उमेश कुमार वर्मा (32) को हिरासत में लिया। आरोपी बाजार अतरिया, खैरागढ़ का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 08 R 9990 भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 723/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 62(2)(एम), 115(2) और 351(3) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।












