Crime News: खरसिया थाना क्षेत्र से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी का भरोसा दिलाकर 20 वर्षीय युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पहले युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपने घर में रखा, लेकिन जब परिवार वालों ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह की बात कही, तो वह टालमटोल करने लगा और अंततः शादी से साफ इंकार करते हुए युवती को जान से मारने की धमकी दे डाली।
ट्रेन से बिलासपुर ले जाकर मंदिर में भरा सिंदूर
शुक्रवार को महिला थाने पहुंची पीड़ित युवती ने पुलिस को आपबीती सुनाई। युवती के मुताबिक, वह खरसिया निवासी सागर पटैल उर्फ छोटू (22) को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में सागर ने उसे पसंद करने और शादी करने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती ने जब यह आशंका जताई कि उसके घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं होंगे, तो 7 सितंबर 2026 की रात सागर उसके घर पहुंचा और उससे शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी का झांसा देकर वह उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और फिर अपने घर ले आया, जिसके बाद युवती वहीं रहने लगी।
शादी की बात पर टालमटोल और फिर धमकी
जब युवती के परिजनों को पूरे घटनाक्रम की भनक लगी, तो उन्होंने सागर से सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने की बात कही। शुरुआत में आरोपी इस मामले को टालता रहा, लेकिन बाद में उसने विवाह करने से स्पष्ट मना कर दिया। युवती और उसके परिवार वालों की ओर से दबाव बढ़ाए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर युवती को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इसके बाद युवती को समझ आ गया कि उसकी मंशा शादी की नहीं है और उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घर पर दबिश देकर गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर जेल
पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामला दर्ज होने के बाद महिला थाना की टीम खरसिया पहुंची और आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SSP का बयान
इस पूरे मामले पर रायगढ़ के SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के प्रति पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकरण में भी शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।












