Hostel Case: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले नौवीं कक्षा के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना 22 नवंबर की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया है। मामले में परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले ने स्कूलों के हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनकी मानसिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था, इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया। इतना ही नहीं, छात्र के साथ कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
हॉस्टल छोड़कर चला गया था छात्र, परिजनों को नहीं दी गई जानकारी
जानकारी के मुताबिक, छात्र बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र का रहने वाला है। वह अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ाई करता था और स्कूल के हॉस्टल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल के माहौल में नहीं रहना चाहता था। कुछ दिन पहले वह हॉस्टल छोड़कर चला गया था। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर उसकी तलाश कर उसे वापस हॉस्टल बुला लिया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी न तो पुलिस को दी गई और न ही उसके परिजनों को इसकी सूचना दी गई। परिजनों की शिकायत के अनुसार, वापस लाए जाने के बाद छात्र पर हॉस्टल में रहने का दबाव बनाया गया। इसी बीच 22 नवंबर को उसने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में परिजनों को सूचना दी गई।
असिस्टेंट डायरेक्टर सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अंबिकापुर पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज कुमार, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल के खिलाफ जेजे एक्ट की धारा 75 के तहत FIR दर्ज की है। गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के मुताबिक, छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। ऐसी स्थिति में स्कूल प्रबंधन को उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर देना चाहिए था। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पहले भी विवादों में आ चुका है स्कूल
बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल इससे पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। पूर्व में नियमों के उल्लंघन के मामले में स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रबंधन पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इसके अलावा एक शिक्षिका द्वारा सजा के तौर पर छात्र से एक पन्ने पर गाली लिखवाने का मामला भी सामने आया था। अब हॉस्टल में रहने वाले छात्र के दूसरी मंजिल से छलांग लगाने की घटना के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है। जांच में हॉस्टल संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारियों से जुड़े पहलुओं को देखा जा रहा है।फिलहाल छात्र का इलाज वाराणसी में जारी है। वहीं, पुलिस की जांच और शिक्षा विभाग की पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और स्कूल प्रबंधन की भूमिका कितनी जिम्मेदार थी।












