Nagpur Robbery Case: महाराष्ट्र के नागपुर में पांच दिन पहले हुई बड़ी लूट की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस अब मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गई है। वारासिवनी तहसील के डोरली गांव में मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश दी और आरोपी की निशानदेही पर बड़ी कामयाबी हासिल की।
पैरे के ढेर में छिपाकर रखी थीं तीन बोरियां
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लूट की रकम को सुरक्षित रखने के लिए गांव के ही एक परिचित के खेत को चुना था। उसने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में बड़ी मात्रा में नकदी भरकर उसे पैरे के ढेर के नीचे छिपा दिया था। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची और तलाशी के बाद तीनों बोरियां बरामद कर लीं। शुरुआती आकलन के अनुसार, इन बोरियों में चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि होने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से चल रही नोटों की गिनती
फिलहाल डोरली पंचायत क्षेत्र में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम बरामद रकम की गिनती में जुटी है। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि वारासिवनी थाना प्रभारी (TI) अनूप कुमार उइके ने की है। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है और वारासिवनी पुलिस सहयोग के लिए मौके पर मौजूद है।
कई अहम सवालों के जवाब अभी बाकी
इस कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े कई अहम पहलू सामने आए हैं, जिनकी जांच जारी है। यह रकम नागपुर से बालाघाट कैसे लाई गई, खेत किस परिचित का है और इस पूरी वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











