Shahdol Panchayat: जिले में पंचायत के खर्चों को लेकर एक नया मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय स्तर पर चर्चाओं को हवा दे दी है। यहां जिस ढाबे से लोगों को खाना-पीना मिलता है, उसी के नाम पर पंचायत ने पूजा सामग्री खरीदने का बिल लगाकर हजारों रुपये का भुगतान करा लिया। अब इस पूरे हिसाब-किताब पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिल में पूजा सामग्री की लंबी फेहरिस्त
सामने आए रिकॉर्ड के मुताबिक, बिल में रूई की बत्ती, दीये, रिफाइंड तेल, रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल जैसी चीजों की खरीदी दर्ज की गई है। आमतौर पर ढाबों पर खाने-पीने का सामान मिलता है, ऐसे में वहां से पूजा का सामान खरीदे जाने की बात लोगों के गले नहीं उतर रही है। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं कि क्या ढाबे पर अब पूजा सामग्री भी बिकने लगी है, या फिर पंचायत के खर्चों के कागजों में कोई और ही खेल चल रहा है।
13 अक्टूबर के बिल पर क्या दर्ज है?
रिकॉर्ड के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को 'न्यू सोनू यूपी ढाबा' से सामग्री खरीदने का बिल दिखाया गया है। इसमें 350 पैकेट रूई की बत्ती, 750 दीये और 15 लीटर रिफाइंड तेल समेत अन्य सामान की खरीद दर्ज की गई है। हालांकि, बिल में यह साफ नहीं किया गया है कि यह सामग्री किस आयोजन या किस मद के तहत खरीदी गई।
भुगतान की रकम और गणित को लेकर संशय
इस मामले में राशि और गणना को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है। बिल में दीयों की कीमत 5 रुपये प्रति नग दिखाई गई है, लेकिन कुल खर्च के गणित और भुगतान की रकम पर सवाल उठ रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड में इस मद में करीब 10,400 रुपये का भुगतान होना दर्ज है।
पुराने मामलों की भी याद ताजा हुई
शहडोल में सरकारी खर्चों के ऐसे अजीबोगरीब हिसाब पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। इससे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान एक घंटे के आयोजन में 14 किलो ड्राई फ्रूट और 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर की चाय बनने का मामला भी खूब चर्चा में रहा था। अब ताजा मामले के बाद लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि सरकारी पैसों से जमीनी काम हो रहे हैं या फिर बिलों के जरिए ही पूरा हिसाब-किताब सजाया जा रहा है। फिलहाल यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर पंचायत के इस हिसाब में कौन सा गणित चल रहा है और एक ढाबे से पूजा सामग्री का इतना बड़ा बिल कैसे बन गया।












