Bulldozer Action: सामने पोकलेन का पंजा चल रहा था, ईंट-गारे की दीवारें भरभराकर गिर रही थीं और जिन्हें इन दीवारों से अपना आशियाना सजाते हुए बरसों बीत गए थे, उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। कोई बिलखते बच्चों को संभाल रहा था, तो कोई मलबे में तब्दील होते अपने घर को आखिरी बार निहार रहा था। इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के दौरान 42 मकान जमींदोज कर दिए गए। प्रशासन के लिए यह महज अतिक्रमण हटाने की एक रूटीन कार्रवाई थी, लेकिन वहां रहने वाले परिवारों के लिए यह उनकी पूरी जिंदगी की जमा पूंजी उजड़ने का मंजर था।
आखिरी पल तक घर छोड़ने को तैयार नहीं थे लोग
कार्रवाई शुरू होते ही कॉलोनी में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं फूट-फूटकर रो रही थीं। कई परिवार तो ऐसे थे जो बुलडोजर चलने तक अपने घरों से बाहर निकलने को राजी नहीं थे। पुलिस और प्रशासन के अमले ने जब उन्हें समझाइश देकर बाहर निकाला, तो उनके कदम तो आगे बढ़ रहे थे, लेकिन निगाहें पीछे छूटते अपने आशियाने पर ही टिकी थीं।
'20 साल से टैक्स भर रहे थे, फिर भी उजड़ गए'
मलबे के ढेर के पास खड़े रहवासी का गला भर आया। उन्होंने रुआंसे स्वर में बताया, "मैं करीब 20 साल से यहां रह रहा हूं। साल 2000 से नियमित रूप से संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा कर रहा हूं, जिसकी रसीदें आज भी मेरे पास सुरक्षित हैं। कॉलोनी के कई लोगों के पास बाकायदा मकान की रजिस्ट्री भी है। नगर निगम को टैक्स देने के बावजूद आज हमारे सिर से छत छीन ली गई। जिंदगी भर की कमाई लगाकर यह घर बनाया था। अब न घर बचा है और न कोई मुआवजा मिला, समझ नहीं आ रहा कि परिवार को लेकर किस दरवाजे पर जाएं।"
गांव की जमीन बेचकर खरीदा था प्लॉट, कर्ज लेकर बनाया घर
एक अन्य रहवासी ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कॉलोनी के कई लोगों ने अपनी पुश्तैनी गांव की जमीन बेचकर यहां प्लॉट खरीदे थे। किसी ने बैंक से कर्ज लिया, तो किसी ने जीवन भर की बचत लगाकर ईंट-ईंट जोड़ी। लोगों ने बकायदा पैसे देकर रजिस्ट्री कराई थी। यादव का कहना है कि अगर जमीन को लेकर कोई विवाद था, तो प्लॉट बिकते समय और मकान बनते वक्त प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की? आम खरीदार को जमीन के विवाद की कोई जानकारी नहीं थी। आज प्रशासन की एक कार्रवाई ने लोगों के घरों के साथ-साथ उनके परिवारों के सारे सपने भी तोड़ दिए।
छोटे बच्चों को लेकर कहां जाएं, कैसे पालेंगे?
अपने घर को आंखों के सामने टूटता देख कृष्णा बाई बेसुध सी हो गईं। रोते हुए उन्होंने कहा, "घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं, अब इस हाल में उन्हें लेकर कहां भटकें? दो-तीन लाख रुपये जुटाकर प्लॉट खरीदा था और फिर मकान खड़ा करने में सब कुछ झोंक दिया। इसी आंगन में बच्चे बड़े हुए। अब न रहने का ठिकाना है और न आगे का कोई रास्ता दिख रहा है। एक ही दिन में हमारी पूरी दुनिया उजड़ गई।"












