Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से कुछ दिन पहले चौंकाने वाला मामला सामने आया था। दरअसल, गौरी नगर इलाके में गायों के कटे हुए सिर मिलने के बाद लोगों और हिन्दू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की।
वही अब इस मामले में एक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की है। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आरोपियों के घर पहुंचकर कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल था और हिंदू संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
गौरीनगर में गोवंश के कटे हुए सिर मिलने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। अब प्रशासन ने संबंधित निर्माण के अवैध हिस्से को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा रही।
VHP और बजरंग दल ने जताया था विरोध
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने भी नाराजगी जताई थी। संगठनों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनके अवैध निर्माण को हटाने की मांग की थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।अवैध निर्माण पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन सख्त
प्रशासन का कहना है कि अवैध अतिक्रमण और गौ-तस्करी से जुड़े मामले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि किसी भी निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई संबंधित नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए।







