Rajnandgaon News: शहर के गौरीनगर स्थित तालाब में दो दिन पहले मिले गोवंश के कटे सिर का मामला अब गरमाने लगा है। शुक्रवार को जैसे ही पुलिस द्वारा इस घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की खबर सामने आई, हिंदू संगठनों का गुस्सा भड़क उठा। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) समेत विभिन्न संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी तुरंत सिटी कोतवाली पहुंच गए। उग्र प्रदर्शनकारियों ने न केवल थाने का घेराव किया, बल्कि पास की सर्विस रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया। अचानक हुए इस सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक आवागमन बाधित रहा, जिससे आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फांसी की सजा पर अड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना कड़ा विरोध जताया। संगठनों की मांग है कि इस तरह की संवेदनहीन घटना को अंजाम देने वालों को बख्शा न जाए। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि मामले में नामजद आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए और उसे फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाए।
दो दिन पहले सामने आई थी घटना
गौरतलब है कि गौरीनगर तालाब के आसपास दो दिन पहले गोवंश का कटा हुआ सिर मिला था। इस खबर के फैलते ही स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था। उस समय भी पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग बिंदुओं पर तफ्तीश शुरू की थी।
पुलिस जांच जारी, पुष्टि का इंतजार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है, हालांकि इस घटना में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात है।






