Domestic Violence: राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, ग्राम पुजारीटोला में घरेलू विवाद के दौरान 17 वर्षीय बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता शराब के नशे में आए दिन पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर बेटे ने कुत्ते को बांधने वाली लोहे की जंजीर से पिता का गला घोंट दिया। पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दीपावली पर नासिक से गांव लौटा था गीतेश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक गीतेश उसेंडी दीपावली के मौके पर महाराष्ट्र के नासिक से अपने गांव पुजारीटोला लौटा था। आरोप है कि वह नियमित रूप से शराब पीकर घर में विवाद करता और पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था। 27 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा। उस समय परिवार के सदस्य चूल्हे के पास बैठकर आग ताप रहे थे।
पत्नी और बच्चों की पिटाई के दौरान हुआ विवाद
खाना खाने के बाद गीतेश ने पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ घर छोड़कर चले जाने को भी कहा। इसके बाद उसने लकड़ी के बेंत से पत्नी, बेटे और बेटी की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान 17 वर्षीय बेटे ने पिता को धक्का देकर कमरे में गिरा दिया। इसके बाद उसने आंगन में रखी लोहे की जंजीर उठाई और पिता के गले में लपेटकर खींच दिया। जंजीर से गला घुटने के कारण गीतेश की मौके पर ही मौत हो गई।पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद मृतक की पत्नी ने बागनदी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू की और आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। चूंकि आरोपी की उम्र 17 वर्ष है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।












