Constables: राजनांदगांव के पीटीएस ग्राउंड में उस वक्त अनुशासन, एकजुटता और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली, जब 84वें प्रशिक्षण सत्र के नवआरक्षकों ने शानदार कदमताल के साथ पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। महीनों की कठिन ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 678 महिला और पुरुष नवआरक्षक अब पुलिस बल का हिस्सा बनकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। इस बैच में बस्तर से लेकर रायपुर और प्रदेश के अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रशिक्षण पूरा करने वालों में 472 पुरुष और 206 महिला आरक्षक हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा कॉन्स्टेबल प्रशिक्षण बैच है। 14 जनवरी से शुरू हुए इस प्रशिक्षण सत्र में नवआरक्षकों को शारीरिक दक्षता के साथ पुलिसिंग की व्यावहारिक चुनौतियों के लिए भी तैयार किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को पारंपरिक ड्रिल और फील्ड क्राफ्ट के अलावा आधुनिक पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसमें साइबर अपराध, फॉरेंसिक जांच, एनडीपीएस एक्ट, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वीआईपी सुरक्षा जैसी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल रहा।
आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी पहनी पुलिस की वर्दी
इस प्रशिक्षण बैच की खास बात यह रही कि इसमें सामान्य अभ्यर्थियों के साथ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे लोग भी शामिल रहे। बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र की वनीता सोरी ने कठिन प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस की वर्दी हासिल की। उनके लिए यह उपलब्धि केवल नौकरी मिलने तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन में नई शुरुआत और एक अलग पहचान बनाने का अवसर भी है। वहीं बलौदाबाजार की उजाला कामरी समेत अन्य नवआरक्षकों ने भी प्रशिक्षण के दौरान आई चुनौतियों और मेहनत के बाद परेड पूरी होने पर खुशी जाहिर की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
पासिंग आउट परेड के दौरान प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षकों को सम्मानित किया गया। महीनों तक चले अनुशासन, शारीरिक अभ्यास और कठिन प्रशिक्षण के बाद जब जवानों ने एक साथ कदमताल की, तो उनके चेहरों पर गर्व और खुशी साफ नजर आई। अब प्रशिक्षण पूरा कर चुके ये 678 नवआरक्षक प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस थानों में तैनात होकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।











