Kidnapping Case: धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। स्कूटी से घर लौट रही युवती को दो बाइक सवार युवकों ने रास्ते में रोक लिया और जबरन अपने साथ ले गए। इस दौरान युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। मुख्य आरोपी ने उसका मुंह दबाकर गाल पर दांत से काट लिया। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
स्कूटी रोककर जबरन बाइक पर बैठाया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 23 नवंबर की सुबह की है। युवती अपने होटल का सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और पुष्पेंद्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा स्थित प्राथमिक शाला के पास दोनों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक खड़ी कर उसका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ बदसलूकी की और उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। युवती ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। इस दौरान उसके गाल पर दांत से काटकर उसे घायल भी कर दिया। आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों और ग्रामीणों ने रास्ते में की घेराबंदी
युवती को लेकर दोनों आरोपी परसवानी, भोथीडीह और राजिम होते हुए बोरसी पुरैना मोड़ की ओर जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण सक्रिय हो गए। उन्होंने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। लोगों को एकत्र होते देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ग्राम गिरौद निवासी पुष्पेंद्र यादव (20) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश की जा रही है।












