Gambling Case: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की छापेमारी के बाद एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती एसपी ने हसौद थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच की जिम्मेदारी डभरा एसडीओपी को सौंपी गई है।
जुआ रेड के दौरान बड़ा हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गांव के निवासी महेश राम केंवट ने पास के तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह लापता हो गया।
युवक की मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन
घटना के बाद उसकी तलाश की गई। सोमवार सुबह तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। परिजनों ने पुलिस पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। मांगों को लेकर परिजनों ने चक्काजाम भी किया।
प्रशिक्षु SI निलंबित, जांच के आदेश
मामले में सामने आया है कि जुआ फड़ पर दबिश देने से पहले उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई थी। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। वहीं, घटना के सभी पहलुओं की जांच के लिए डभरा एसडीओपी को जांच अधिकारी बनाया गया है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों और पुलिस पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।












