Illegal Gambling: बस्तर के अंदरूनी इलाकों में हालात सामान्य होने के साथ बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। इसी बीच बीजापुर के जंगलों में अवैध गतिविधियों का मामला सामने आया है। भद्राकाली थाना क्षेत्र के रैगुड़ा जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे बड़े जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी की।
इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ समेत तीन राज्यों के कुल 156 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपए नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जिले में जुए के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से पहुंचे थे लोग
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रैगुड़ा के जंगल में लगने वाले मुर्गा बाजार में लड़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर पैसों का दांव लगाया जा रहा है। इस आयोजन में महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे थे। इनमें कई लोग चारपहिया वाहनों से जंगल तक आए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान जुआरियों के संभावित भागने के रास्तों को पहले ही घेर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने चारों तरफ से दबिश देकर 156 लोगों को पकड़ लिया।कभी माओवादी प्रभाव के कारण लोग आने से कतराते थे
बीजापुर के सीमावर्ती इलाके तारलागुड़ा, भद्राकाली और भोपालपटनम कभी माओवादी गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते थे। हिंसा और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण इन क्षेत्रों में बाहरी लोगों की आवाजाही भी सीमित रहती थी। अब क्षेत्र में परिस्थितियां बदलने के साथ लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। हालांकि, इसी के साथ मुर्गा लड़ाई की आड़ में जुआ संचालित किए जाने जैसी गतिविधियां भी पुलिस के लिए चुनौती बन रही हैं। पुलिस ने पकड़े गए सभी 156 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। थाना भद्राकाली में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











