Gambling Raid: जिले में अवैध जुए के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने चार दिनों तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 6 से 9 नवंबर के बीच जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने 289 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत 89 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 2 लाख 70 हजार 310 रुपए नकद और ताश की 89 गड्डियां जब्त की गई हैं। अभियान के दौरान शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने दबिश दी।
लगातार मिल रही थीं जुआ खेलने की शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, जिले के सार्वजनिक और अन्य स्थानों पर लोगों के समूह बनाकर रुपए-पैसों का दांव लगाने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को देखते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सूचना मिलते ही टीमों ने संबंधित स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।
21 थाना और चौकी क्षेत्रों में छापेमारी
यह अभियान जिले के 21 थाना और चौकी क्षेत्रों में चलाया गया। इनमें नेवई, वैशाली नगर, सुपेला, स्मृतिनगर, दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, जामुल, कुम्हारी, छावनी, पाटन, धमधा, खुर्सीपार, बोरी, नंदिनी नगर, उतई, जामगांव, अमलेश्वर और रानीतराई शामिल हैं। इन इलाकों में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे लोगों को गिरफ्तार किया।नकदी और ताश की गड्डियां जब्त
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोग समूह बनाकर ताश के पत्तों के जरिए रुपए-पैसों का दांव लगा रहे थे। मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी और ताश की गड्डियां बरामद की गईं। चार दिनों तक चले इस अभियान में कुल 289 लोगों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने 89 प्रकरण दर्ज करते हुए 2,70,310 रुपए नकद और ताश की 89 गड्डियां जब्त की हैं।












